कंपोजिट विद्यालय गंगौली के बच्चे एक सप्ताह से जलभराव की परेशानी का सामना कर रहे है। जल निगम की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से रिसाव के चलते विद्यालय परिसर, खेल मैदान और आसपास का आंगन पानी से लबालब है। स्थिति यह है कि छात्र विद्यालय आने के बाद भी खुले मैदान में कदम नहीं रख पा रहे। शिक्षक अमरनाथ ने बताया कि पाइपलाइन में काफी समय से रिसाव हो रहा है। कई बार सूचना देने के बावजूद जल निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजतन परिसर में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय गंगौली का विलय होने के बाद छात्र संख्या दो सौ से अधिक हो चुकी है। ऐसे में सुबह से दोपहर तक बच्चों को सिर्फ कक्षाओं तक सीमित रहना पड़ता है। जलभराव के कारण खेलकूद गतिविधियां बंद हैं और छोटे बच्चों को फिसलने का डर बना रहता है। कई बार बच्चे गिरकर घर लौट गए हैं। इससे पढ़ाई में व्यवधान हो रहा है। शिक्षक और अभिभावक दोनों ही इस समस्या से परेशान हैं। स्थानीय निवासी रामलाल, शिव प्रसाद, राम मूरत और विजय पाल ने बताया कि करीब एक माह से स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय जाने वाले बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इस वजह से कई अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में हिचक रहे हैं। अभिभावकों ने जल निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई सामान्य हो सके। जल निगम के अवर अभियंता नीरज प्रजापति ने बताया कि पाइपलाइन में रिसाव की जानकारी अब मिली है। संबंधित ठेकेदार को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही लीकेज को ठीक कर परिसर से पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी।

