अमेठी सिटी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिन पर मंगलवार को जिला मुख्यालय सहित सभी विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित हुए। लोगों ने केक काटने संग साइकिल वितरण, पौधरोपण कर समाज सेवा व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गौरीगंज में सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव की अगुवाई में केट काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की दीर्घायु की कामना की। युवा सपा नेता डॉ. सिंधुजीत सिंह ने निजी राशि से 52 चिह्नित जरूरतमंदों को साइकिल वितरित कर समाज सेवा का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष ने सपा से निष्कासित विधायक राकेश प्रताप सिंह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि संगठन विधायक बनाता है। निर्दलीय चुनाव लड़कर देख लें, उनको इनाम जरूर मिलेगा। इस मौके पर पार्टी प्रवक्ता राजेश मिश्र, अरशद अहमद, राकेश यादव, चंद्रशेखर यादव, जीत सिंह बबलू, गुंजन सिंह, अवधेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
अमेठी में विधायक महराजी प्रजापति के कार्यालय पर प्रतिनिधि अरुण प्रजापति की अगुवाई में सपा मुखिया के जन्मदिन पर केक काटकर दीर्घायु की कामना की गई। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान डॉ. रुदल यादव, महावीर कश्यप, शंभू यादव आदि मौजूद रहे। ऐंधी में सपा नेता जैनुल हसन की अगुवाई में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
उधर, फुरसतगंज में सपा मुखिया अखिलेश यादव के जन्मदिन पर रंजीत यादव की अगुवाई में कार्यक्रम हुआ। केक काटने संग कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन परिसर में पौधरोपण किया। साथ ही अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर दीर्घायु की कामना की।
 
            