अमेठी सिटी। आम आदमी पार्टी की जिला कार्यकारिणी भंग होने के बाद पार्टी जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने इस्तीफे को मंजूरी नहीं दी। जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने अपना इस्तीफा वापस लेकर पदभार ग्रहण कर लिया है।रविवार को जिलाध्यक्ष की अगुवाई में अमेठी स्थित कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति से जिला कार्यकारिणी में महामंत्री धर्मेंद्रनाथ शुक्ल, जिला कोषाध्यक्ष संदीप कसौंधन, जिला उपाध्यक्ष गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से धर्मेश मिश्र, तिलोई विधानसभा से मलखान सिंह को मनोनीत किया गया। वहीं, गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष जिलाजीत पांडेय, तिलोई में अशोक सेन विधानसभाध्यक्ष व सतीश श्रीवास्तव को तिलोई विधानसभा प्रभारी मनोनीत किया गया।
सुरेशचंद्र गुप्ता को जगदीशपुर विधानसभा प्रभारी मनोनीत किया गया। वहीं, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मुन्नवरअली सैफी तो व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव और एससी प्रकोष्ठ में अमेठी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राम निरंजन कोरी को मनोनीत किया गया। पार्टी जिलाध्यक्ष ने मनोनीत पदाधिकारियों को जल्द सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकारिणी का विस्तार करने की बात कही। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जो भी पूर्व पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे, उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा।