अमेठी में बृहस्पतिवार को दिनभर चटक धूप के बाद शाम को झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। शाम 4 बजे के बाद मौसम बदला। गौरीगंज, शाहगढ़, जगदीशपुर, कमरौली व जामो में बारिश हुई। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक एएन मिश्र के अनुसार, प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना जताई गई है। दोपहर बाद हुई बारिश से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। नरसिंहभानपुर गांव के कई किसान धान की रोपाई में जुट गए। भागवत प्रसाद, गजाधर, रामलाल फौजी, राजू शुक्ला, गनपत सहाय शुक्ल ने इसे फसलों के लिए लाभकारी बताया।