देशभर में प्रेम त्रिकोण के कारण हो रही खौफनाक वारदातों के बीच अमेठी में एक अलग तरह का मामला सामने आया है। यहां पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देखने के बाद पति ने दोनों की शादी कराने का निश्चय कर लिया। बुधवार को उसकी पत्नी अपने माता-पिता के साथ तिलोई तहसील पहुंची और प्रेमी संग अधिवक्ता की मौजूदगी में नोटरी मैरिज कर ली। जामो के पूरे बाल गोविंद तिवारी मजरे दरियाव गांव निवासी सतई की शादी 13 साल पहले कुटमारा गांव की सीमा से हुई थी। निसंतान दंपती के बीच अभी तक सब ठीक चल रहा था। दो दिन पहले सतई ने अपनी पत्नी को पड़ोसी गांव खुदाई का पुरवा निवासी शिवानंद के साथ घूमते देखा। घटना के बाद सतई ने संयमता का परिचय देते हुए जामो थाने पहुंचा और थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह से अपनी पत्नी की शादी शिवानंद से कराने को कहा। थानाध्यक्ष ने उसे कानूनी जानकारी देकर वापस भेज दिया। सतई थाने से अपने घर पहुंचा और इस संबंध में ससुर से बात की, जिसके बाद थाने में लिखित सहमति देकर पत्नी को मायके भेज दिया। बुधवार को सीमा अपने माता-पिता के साथ तिलोई तहसील पहुंची और प्रेमी शिवानंद के साथ नोटरी मैरिज कर ली। अधिवक्ता राम कृष्ण भारती ने नोटरी मैरिज करने की पुष्टि की। बताया कि नोटरी में उसके पिता बतौर गवाह शामिल हैं। पति मौजूद था लेकिन हस्ताक्षर नहीं किया। इसके बाद वह राजी-खुशी उसके साथ विदा हो गई। शिवानंद ने बताया कि वह सीमा से प्यार करता है। कई वर्षों से दोनों के बीच करीबियां हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। सीमा की शादी और प्रेमी संग विदाई देखने के लिए तहसील परिसर में लोगों का जमावड़ा रहा।